Albert Mandoriya, Editor In Chief, Am Live 24,
झाबुआ। नवागत पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा जिला पुलिस कंट्रोल रूम में अपनी पहली क्राइम मीटिंग (अपराध समीक्षा बैठक) आयोजित की गई। पदभार ग्रहण करने के पश्चात आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण तथा पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक संवेदनशील, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाना रहा। पुलिस अधीक्षक महोदय ने निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में वैधानिक एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। साथ ही जन सुनवाई की शिकायतों पर प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार ने जिले में लंबित अपराधों एवं शिकायतों का गहन विश्लेषण करते हुए उनके शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन, एनसीआरपी पोर्टल एवं सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
इसके अतिरिक्त, जिले में लंबित समंस एवं वारंटों की तामीली में तेजी लाने तथा गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। महिला संबंधी अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक मामले की जांच गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ की जाए।
बैठक में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भी कड़े निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि मादक पदार्थों की बिक्री, अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोरतम कार्रवाई की जाए। साथ ही ग्राम एवं नगर सुरक्षा समितियों को अधिक सक्रिय एवं सुदृढ़ बनाने तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्त करने के निर्देश दिए, ताकि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। नशा मुक्ति अभियानों को भी गंभीरता एवं प्रभावशीलता के साथ संचालित करने हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों एवं योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करना तथा पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक से पूर्व पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा एसपी कार्यालय, पुलिस रेडियो शाखा एवं पुलिस कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित शाखाओं के कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।









Users Today : 3
Users Yesterday : 6