Albert Mandoriya, Amlive24
झाबुआ, 26 मार्च 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा पेटलावद क्षेत्र में जल संसाधन विभाग की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं “कानाकुआं तालाब” एवं “रामगढ़ बैराज” के निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम में “कानाकुआं तालाब” परियोजना के अंतर्गत 435.05 लाख की लागत से निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया, जिसके पूर्ण होने पर लगभग 155 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं “रामगढ़ बैराज” परियोजना 379.40 लाख की लागत से निर्मित की जाएगी, जिससे लगभग 235 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा।
इस अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए जल संसाधनों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पानी ही खेती की सबसे बड़ी आवश्यकता है, और इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा, बल्कि वर्षा जल का बेहतर संचयन भी संभव हो सकेगा।
उन्होंने आगे कहा कि “कानाकुआं तालाब” एवं “रामगढ़ बैराज” जैसे निर्माण कार्य से क्षेत्र में जल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इससे किसानों को समय पर सिंचाई उपलब्ध होगी, फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी तथा कृषि पर निर्भर परिवारों की आय में भी वृद्धि होगी। साथ ही, यह परियोजनाएं भूजल स्तर को बनाए रखने में भी सहायक सिद्ध होंगी।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि राज्य शासन द्वारा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सिंचाई जैसे मूलभूत क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण अंचलों में रहने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक किसान को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो और उन्हें खेती के लिए किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इन परियोजनाओं के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उम्मीद जताई कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।








Users Today : 4
Users Yesterday : 1